फोटो 04 एचएएमपी 14- राठ के टिकरिया गांव में सेवारानी से चोरी की जानकारी लेते पुलिसकर्मी। संवाद
राठ (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के टिकरिया गांव में सोमवार रात घर में घुसे चोरों ने कच्चा फर्श खोद डाला। बाद में बक्से में रखे सोने चांदी के जेवर और पांच हजार रुपये चोरी कर लिए। पुलिस ने माैके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
टिकरिया गांव निवासी सेवारानी अहिरवार ने बताया कि उनके बेटे विक्रम व चंदू परिवार सहित गुरुग्राम में रहते हैं। छोटा बेटा पप्पू गांव में अलग मकान में रहता है। वह घर में अकेली थीं। सोमवार रात चोर घर में घुस गए। चोरों ने कमरे में रखे बक्से से बहू सगुन का हार, नाक की कील, पायलें, मीना व पांच हजार रुपये चोरी कर लिए। चोरों ने कच्चे मकान के फर्श को भी खोद दिया।
मंगलवार सुबह आंख खुलने पर सामान बिखरा देख चोरी की जानकारी हुई। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि घटनास्थल की जांच की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि कई घरों के दरवाजों पर हल्दी के पीले रंग से हथेली के निशान बने हुए मिले हैं। इस समय गांव में कोई मांगलिक कार्यक्रम भी नहीं है। किसी अनहोनी की आशंका से ग्रामीण खलबली है।