फोटो 09 एचएएमपी 10- बिरखेरा में चोरी के बाद खुला पड़ा बक्सा व फैला सामान। पीड़ित
- फोटो : 1
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। थानाक्षेत्र के चार अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार की रात चोरों ने वारदात कर पुलिस को चुनौती दी। चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर नकदी व जेवरात, दो शराब ठेकों से नकदी व शराब और एक स्थान से दो बाइक चोरी कर लीं। चारों घटनाओं में चोर लाखों रुपये का माल पार कर ले गए।
बिरखेरा गांव के दयाराम प्रजापति ने बताया कि चोर मकान की दीवार में सेंध लगाकर घर में प्रवेश किया। चोर सात हजार रुपये की नकदी तथा करीब दो लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। पचखुरा खुर्द की देसी शराब ठेकेदार उमेश गुप्ता ने बताया कि बीती रात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया। दुकान से 96 हजार रुपये की नकदी और 29 पेटी देसी शराब चोरी कर ली। पंधरी निवासी राजकुमार यादव ने बताया कि उसकी सौंखर में शराब दुकान है। बीती रात चोर 303 क्वार्टर देसी शराब और 1500 रुपये की नकदी चोरी कर ले गए।
इसी तरह हर्षित सिंह मकरंदपुर एवं तेजपाल बिंवार ने बताया कि वह कुंडौरा गांव के पास बजरंगबली आश्रम के बाहर खड़ी बाइकें चोरी हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने सभी स्थानों पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि चोरी की घटनाओं की सूचना मिलने पर पुलिस बल भेजकर जांच कराई जा रही है। जांच के बाद संबंधित मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर खुलासा किया जाएगा।