चोरों ने सोमवार रात चौकीदार को बंधक बना अगल-बगल स्थित चार एजेंसियों के ताले तोड़ लाखों के माल चुरा ले गए। लोडर पर माल लादते समय कुत्ते भौंकने लगे तो उन्हें नशीला बिस्कुट खिला दिया। चोरों ने कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिए थे। चोर क्रय विक्रय समिति की आलमारी तोड़ 29167 रुपये ले गए, जबकि आलमारी के बगल में रखे करीब साढ़े तीन लाख रुपये पर उनकी नजर नहीं पड़ी।
कस्बे के बैंक के पास क्रम विक्रय समिति परिसर में मुगलपुरा मोहल्ला निवासी जवाहरलाल अग्रवाल की हिंदुस्तान लीवर की एजेंसी है। इसके बगल में अमित अग्रवाल की दिव्यांशी टेडर्स नाम से एजेंसी है। इसी परिसर में क्रय विक्रय समिति और राठ ब्लाक यूनियन की दुकानें हैं।
इन दुकानों से किसानों को खाद बेंची जाती है। सोमवार रात परिसर में सुगिंरा गांव का धनीराम और सरसई गांव की महिला केशरानी पत्नी अशफीलाल चौकीदारी कर रहे थे। रात करीब साढे़ 11 बजे आधा दर्जन नकाबपोश चोर पहुंचे। केशरानी के मुताबिक वह कमरे में लेटी थीं। गेट के कूदने की आवाज पर जाग गईं । तब तक एक चोर ने उन पर तमंचा तान दिया। फिर गोदाम की चाबी मांगी।
शोर सुन दूसरी तरफ सो रहे चौकीदार धनीराम वहां पहुंचे तो चोरों ने उन्हें भी दबोच लिया। फिर दोनों को रस्सी से बांध दिया। इसके बाद गोदाम व दुकान का ताला तोड़ा। वे सामान चार लोडर में भर कर निकल गए। इस दौरान कुत्ते भौंकना शुरू किए तो उन्हें बिस्कुट खिला दिया, जिसे खाने के बाद कुत्ते वहीं बेहोश होकर गिर पड़े। सुबह आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो चौकीदारों को खोला।
इसके बाद गोदाम मालिक मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। जवाहर लाल अग्रवाल ने बताया कि चोरों ने उनके दोनों गोदामों के ताले तोड़ कर छह गत्ता बाडी स्प्रे, 45 बैग चाय, 52 गत्ता टूथपेस्ट 16 टीन घी सहित करीब 10 लाख रुपये का सामान चुरा ले गए हैं। क्रय विक्रय समिति संचालक मनमोहन यादव ने बताया कि चोरों ने अलमारी तोड़ उसमें रखे 29167 रुपये ले गए।
राठ ब्लाक यूनियन संचालन तुलाराम दोहरे ने बताया कि चोरों ने अलमारी तोड़ उसमें खाद बिक्री के रखे 70 हजार रुपये ले गए। इस अलमारी के पास एक अन्य स्थान पर रखे करीब साढे़ तीन लाख रुपयों पर चोरों की नजर नहीं पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष केजी अग्रवाल ने मौके पर पहुंच घटना की जानकारी ली।