बड़ा(हमीरपुर)। भारतीय स्टेट बैंक की शाखा बड़ा में चोरों ने बैंक भवन की दीवार पर लगी खिड़की की ग्रिल को तोड़कर चोरी का प्रयास किया। शनिवार और रविवार को दो दिन बैंक में अवकाश था। सोमवार को जैसे ही बैंक खुला तो बैंक कर्मियों को पता चला कि बैंक में चोरी का प्रयास हुआ है। इसके बाद शाखा के कार्यकारी प्रबंधक आशीष कुमार ने पुलिस थाना नादौन में शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले की जांच करने आये जांच अधिकारी पुलिस सब इंस्पेक्टर चुन्नी लाल ने बताया कि अज्ञात चोरों ने बैंक की पिछली दीवार पर लगे ग्रिल को तोड़ कर चोरी का प्रयास किया था।
चोर कुछ भी ले जाने में नाकाम रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाल रही है। वहीं इलाके में इस घटना के बाद लोग और दुकानदारों में डर का माहौल है और लोग घरों और दुकानों में रखे हुए अपनी जमा पूंजी और समान को लेकर चिंतित है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बड़ा क्षेत्र में रात को पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए। कार्यकारी शाखा प्रबंधक आशीष कुमार ने कहा कि इस बारे पुलिस में सूचना दे दी गई है। थाना प्रभारी नादौन प्रवीण राणा का कहना है कि प्रबंधक की शिकायत के बाद पुलिस मौके पर गई। चोरों ने दीवार की ग्रिल तोड़ी थी लेकिन बैंक में सब कुछ सुरक्षित है।