राठ के नगाइच चौराहे पर जाम लगाए बैठी महिलाएं।
- फोटो : Amar ujala
कस्बे के फरसौलियाना (कसौड़ा) मोहल्ले में चबूतरे पर बैठे लोगों को कोतवाली पुलिस के पीटने पर बवाल हो गया। गुस्साए लोगों ने दो जगह जाम लगाया। जिला अस्पताल में भी हंगामा किया। अधिकारियों ने जैसे-तैसे उपद्रव शांत कराया। इस मामले में दो दरोगाओं और कुछ सिपाहियों के खिलाफ तहरीर दी गई है। सीओ ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि ये लोग जुआ खेल रहे थे, जबकि परिजनों का कहना है कि ये व्यापारिक लेनदेन कर रह थे। एक घायल को सीएचसी से झांसी रेफर किया गया है।
फरसौलियाना में शनिवार सुबह 11 बजे एक चबूतरे पर बैठे कुछ लोगों को पुलिस ने पकड़ा और मारपीट शुरू कर दी। इससे सुबराती पुत्र लतीक घायल हो गया। बेहोशी की हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। इसी दौरान मोहल्ले के सैकड़ों लोग घरों से निकल आए। भीड़ देख पुलिस भाग खड़ी हुई। गुस्साए लोग नगाइच चौराहे पर पहुंचे और बीच सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। एसडीएम मोहम्मद रिजवान, सीओ योगेश कुमार ने लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। इसी दौरान भीड़ ने बजरिया में राठ-हमीरपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। कोतवाल एके सिंह ने जैसे-तैसे समझाकर जाम खुलवाया।
यहां से आक्रोशित भीड़ अस्पताल पहुंच गई और हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची कई थानों की फोर्स ने भीड़ पर काबू पाया। मोहम्मद खालिक पुत्र कल्लू ने बताया कि उसका चचेरा भाई सुबराती भैंसा आदि जानवर बेंचने का काम करता है। सुबराती घर के सामने नजीर हाफिज के चबूतरे पर बैठकर अपने साथियों के साथ व्यापार का हिसाब कर रहा था।
उसी दौरान पुलिस की जीप में आए एसआई अरविंद मौर्या, एसआई इंद्रपाल व दो अन्य सिपाहियों ने सुबराती को पकड़ कर जमकर पीटा और उठाकर बीम पर पटक दिया। इसके बाद बंदूक की बट से भी जमकर पीटा। इससे वह घायल होकर बेहोश हो गया, जबकि पुलिस का कहना है कि युवक गिरकर घायल हुआ है। खालिक ने सीओ को दोनों दारोगाओं और पुलिस कर्मियों के विरुद्ध तहरीर दी है। सीओ, एसडीएम का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।