हमीरपुर। शहर के सरांय मोहल्ला में स्थित माननीय के गोद लिए प्राथमिक विद्यालय में गर्मी के पहले पानी का संकट दूर हो गया। पहले बीएसए ने कंपोजिट ग्रांट से पाइप लाइन डलवाने के निर्देश दिए। जरूरत के मुताबिक वहां पर बोरिंग कराई गई और सबमर्सिबल डाली गई। तब जाकर स्कूली बच्चों को पानी मिल पाया।
प्राथमिक विद्यालय सरांय में दो साल से पानी का गंभीर संकट बना हुआ था। विद्यालय में पढ़ने वाले 32 छात्र और 23 छात्राएं पीने के पानी के लिए परेशान थी।
हैरानी की बात यह रही कि यह विद्यालय जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय से मात्र 250 मीटर की दूरी पर स्थित था। दूसरी बड़ी बात सदर विधायक डॉक्टर मनोज कुमार प्रजापति ने इसे मॉडल बनाने के लिए वर्ष 2023 में गोद लिया था। इसके बाद भी पानी संकट से शौचालयों में ताला था। रसोइया को बाल्टी भरकर दूर से पानी लाना पड़ता था।
इस समस्या को अमर उजाला ने 23 जनवरी के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद अधिकारी हरकत में आए और फौरन विद्यालय की प्रधानाचार्य को पत्र जारी किया गया कि कंपोजिट ग्रांट से पाइप लाइन कनेक्शन ले लिया जाए।
प्रधानाचार्य मंजू दीक्षित ने बताया कि पानी का संकट दूर हो गया। व्यवस्था करने में लगभग 48 हजार रुपये खर्च हुआ है। वॉटर कूलर भी लगवा दिया गया है।