हमीरपुर। पूर्ति विभाग की टीम ने रविवार की देर शाम सुमेरपुर क्षेत्र के सुरौली ग्राम पंचायत के मजरा बड़ाकछार में संचालित विवेक इंडेन गैस एजेंसी का निरीक्षण किया। टीम को जांच में घरेलू भरे हुए 111 सिलिंडर व व्यावसायिक के 93 सिलिंडर कम मिले हैं। इनके अलावा खाली सिलिंडरों की संख्या अधिक पाई गई। पांच व 10 किलो के सिलिंडरों में भी घालमेल पाया है। पूर्ति विभाग की टीम ने एजेंसी संचालक सहित मैनेजर के खिलाफ वस्तु अधिनियम के तहत थाना सुमेरपुर में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जिला पूर्ति अधिकारी बीके शुक्ला के नेतृत्व में औषधि निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी कमल सिंह व पूर्ति निरीक्षक सुमेरपुर अभय उपाध्याय की संयुक्त टीम द्वारा विवेक इंडेन गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया गया। मौके पर जनपद फतेहपुर के जारा गांव निवासी मैनेजर रामनरेश मौजूद मिला। इन्होंने टीम को गैस एजेंसी गोदाम का निरीक्षण कराया। मैनेजर द्वारा ऑनलाइन स्टॉक प्रस्तुत किया गया।
गोदाम में रखे सिलिंडरों के भौतिक सत्यापन में 14.2 किग्रा के भरे हुए घरेलू 111 सिलिंडर कम मिले और 49 सिलिंडर खाली अधिक पाए गए। इनके अलावा 19 किग्रा के व्यावसायिक भरे हुए 93 सिलिंडर कम मिले और खाली सात सिलिंडर अधिक पाए गए। वहीं, पांच किग्रा के अधोमानक घरेलू भरे हुए 73 सिलिंडर कम और खाली 68 सिलिंडर अधिक मिले। साथ ही पांच किग्रा के छोटू व्यावसायिक सिलिंडर भरे 13 कम, 10 किग्रा के पांच भरे सिलिंडर कम व 10 किग्रा के खाली चार सिलिंडर अधिक पाए गए हैं।
पूर्ति निरीक्षक अभय उपाध्याय ने एजेंसी संचालक रामफूल निषाद व मैनेजर रामनरेश के खिलाफ वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है। सुमेरपुर थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि मामले में एजेंसी संचालक व मैनेजर, सीएचसी संचालक पत्योरा सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बसपा नेता ने जबरन हस्ताक्षर कराए जाने का लगाया आरोप
भरुआ सुमेरपुर। जिलाधिकारी के आदेश पर पूर्ति निरीक्षक ने गैस की कालाबाजारी के मामले में बसपा नेता व अधिवक्ता गैस एजेंसी संचालक रामफूल सिंह निषाद व उसके रिश्तेदार मैनेजर रामनरेश सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है। बसपा नेता ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई दबाव में की गई है और उनके यहां कोई अनियमितता नहीं है। टीम ने मैनेजर से जबरन कागजातों पर हस्ताक्षर कराए हैं। इस कार्रवाई के खिलाफ न्यायालय की शरण लेंगे। इसके साथ ही कस्बे में संचालित कई होटलों में घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग बंद हो गया है और होटल संचालक अब भट्ठी में लकड़ी के गिट्टे जलाकर काम चला रहे हैं। (संवाद)
ओटीपी न आने से कई दिन करना पड़ रहा इंतजार
गहरौली। विकासखंड मुस्करा के इमिलिया गांव स्थिति विश्वकर्मा इंडेन गैस एजेंसी में लोगों को ओटीपी के लिए घंटों नहीं बल्कि दो से तीन दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। इस एजेंसी से क्षेत्र के गहरौली, अलरा, हुसैना, तगारी, बसवारी, मसगांव, चिल्ली, उमरी, टीहर, भुगैचा, कैमोखर सहित 12 से अधिक गांवों में गैस वितरित की जाती है। बीते 10 दिनों से गैस लेने के लिए उपभोक्ताओं की एजेंसी में भीड़ जमा हो रही है।
सोमवार को गैस भराने आए अंकित वर्मा ने बताया कि उज्ज्वला गैस का कनेक्शन है। बीते दो महीना से गैस नहीं ली है। एजेंसी में आज गैस बुक कराने के लिए आया था। ऑनलाइन बुकिंग नंबर पर मिस्ड कॉल करने के बाद भी तीन घंटे से ओटीपी या डीएससी नंबर प्राप्त नहीं हुआ।
उपभोक्ता रमेश, योगेश, अमित, सुशील आदि ने बताया कि वह लोग सुबह से ओटीपी का इंतजार कर रहे हैं। अभी तक ओटीपी नहीं आई है। एजेंसी संचालक सर्वर कमजोर होने की बात कह रहे हैं। एजेंसी संचालक राकेश विश्वकर्मा ने बताया कि मौजूदा में उनके पास सिलिंडरों का पर्याप्त स्टॉक है। गाइडलाइन के अनुसार ओटीपी और डीएससी मिलने के बाद ही लोगों को गैस सिलिंडर दिया जाता है।