हमीरपुर/ भरुआसुमेरपुर/ मौदहा। रविवार दोपहर आंधी पानी से 132 केवी पावर हाउस में लगी सीटी फुंक जाने से शहर सहित फैक्ट्री एरिया, पौथिया, सुमेरपुर द्वितीय, विदोखर सबस्टेशन से जुड़े आधा सैकड़ा गांवों की बिजली गुल हो गई। कई जगह बिजली के खंभे टूटकर जमींदोज हो गए।
सुमेरपुर संवाद के अनुसार दो बजे तेज आंधी से 33 केवी लाइन फाल्ट में हो जाने से फैक्ट्री एरिया की बिजली गुल हो गई। शहर की बिजली गुल होने पर अधिशासी अभियंता सुमित ब्यास ने 132 केवी पावर हाउस पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू कराया है।
सरीला संवाद के अनुुसार आंधी में दर्जनों बिजली पोल टूटकर जमींदोज हो गए। मदानपुर गांव में तेज आंधी में पेड़ टूटकर ट्रैक्टर पर जा गिरा। जिससे किसान का नुकसान हो गया। खंभा टूटकर अन्ना मवेशियों पर गिरने से मवेशी की मौत हो गई। बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।
मौदहा संवाद के अनुसार आठ घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। मुस्करा संवाद के अनुसार बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों को पेयजल के लिए मुसीबत उठानी पड़ी। गोहांड संवाद के अनुसार तेज आंधी के चलते कई घंटे तक बिजली गुल रही।
एसडीओ शहर हरिश्चंद्र व एसडीओ सुमेरपुर आलमगिरि अंसारी ने बताया कि तेज आंधी के कारण 33 केवी लाइनों में फाल्ट आने से शहर सहित फैक्ट्री एरिया, सुमेरपुर द्वितीय, पौथिया, विदोखर सबस्टेशन की आपूर्ति बाधित हुई है। कहा कि कर्मियों की टीम फाल्ट ढूंढने में लगी है। रात तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।