बीती रात मुख्य मार्ग पर सेंट्रल बैंक के सामने चोरों ने एक टायर की दुकान की शटर तोड़ लाखों के टायर और नकदी चोरी कर ली। दुकानदार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, इस घटना के बाद पुलिस की क्राइम ब्रांच ने घटना का जायजा लिया। घटना से व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के विरुद्ध रोष व्याप्त है।
कस्बे के सिकंदरपुरा मोहल्ला निवासी दिनेश कुमार गुप्ता पुत्र रामकुमार गुप्ता की राठ-हमीरपुर मार्ग पर सेंट्रल बैंक के सामने टायर की दुकान है। दिनेश कुमार ने बताया कि बुधवार को उसने अपनी दुकान कुछ कागजात निकालने के लिए खोली। बताया कि कुछ देर बाद वह बंद कर घर चले गए।
बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर जैक लगाकर तोड़ दिया और अंदर रखे बाइक के 60 और कार के 10 टायर चोरी कर ले गए। दिनेश ने बताया कि दुकान की गुल्लक में करीब 45 हजार रुपये भी रखे थे, जो गायब थे। सुबह जब मकान मालिक ने दुकान की शटर का ताला टूटा देखा तो उसे जानकारी दी।
दुकानदार ने व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष केजी अग्रवाल सहित पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसएसआई अमर सिंह और सीओ विजय त्रिपाठी ने घटना का जायजा लिया। दोपहर बाद क्राइम ब्रांच पुलिस के एसआई नारायन सिंह ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं, फिंगर प्रिंट टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
व्यापारियों का कहना था कि पुलिस की लचर कार्यप्रणाली से चोरी की घटनाएं लगाकर बढ़ रही हैं। बीते 18 जनवरी को चोरों ने क्रय-विक्रय परिसर में घुसकर जवाहर लाल ट्रेडर्स की दुकान का ताला तोड़ करीब 10 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया था। इसके पहले चारों ने अंबेडकर चौराहे के पास एक बैट्री की दुकान का ताला तोड़ लाखों की बैटरी ले जा चुके हैं। पुलिस इन घटनाओं का आज तक खुलासा नहीं कर सकी है। दुकानदार ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।