फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur News: पीपीपी मॉडल पर राठ बस अड्डा का होगा निर्माण, मिली स्वीकृति

Wed, 31 Dec 2025 12:49 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
हमीरपुर/राठ। सबसे अधिक आमदनी वाला राठ बस अड्डा अपनी बदहाली के आंसू दशकों से बहा रहा है, लेकिन अब इसके कायाकल्प की जल्द ही प्रक्रिया शुरू होगी। शासन ने इसको पीपीपी मॉडल पर निर्माण कराए जाने की स्वीकृति दे दी है। राजस्व टीम ने इसके जमीन की भी नापजोख कर ली है। कुछ दुकानदार बस अड्डा की जमीन पर अतिक्रमण भी किए हैं। इसे भी जल्द खाली कराया जाएगा। परिवहन विभाग का दावा है कि जल्द ही इसका इस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा जाएगा। बजट आवंटित होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
विज्ञापन

बता दें कि राठ बस अड्डा परिसर में जलभराव और कीचड़ से यात्रियों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। वहीं, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। सितंबर 2018 में इसे टर्मिनल बस अड्डा सूची में शामिल किया गया था। इसके तहत इसे वातानुकूलित बनाकर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी थीं और कार्यशाला का निर्माण भी होना था, लेकिन इसके तहत मात्र वर्कशॉप का ही निर्माण हो पाया है। सात साल से अधिक समय से डिपो की स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नहीं हो पाया है। जबकि डिपो में 106 बसों का बेड़ा है। रोजाना 11-12 हजार यात्री यहां से आवागमन करते हैं। यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने बस अड्डा का पीपीपी मॉडल से निर्माण कराए जाने की स्वीकृति दे दी है। इसके निर्माण से यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध होंगी।



शौचालय तक की नहीं व्यवस्था


रोडवेज बस अड्डा की हालत बहुत ही दयनीय है। यहां कोई पुरुष या महिला के लिए शौचालय की व्यवस्था नहीं है। सुलभ शौचालय है जो पैसे लेकर बाथरूम जाने देते हैं। हालत यह है कि महिलाओं को भी खुली जगह पर ही बाथरूम करनी पड़ती है। बस अड्डा के निर्माण से यात्रियों को सुविधा होगी। - बृजबिहारी त्रिवेदी, राठ कोट बाजार।
विज्ञापन


यात्रियों के बैठने तक के नहीं इंतजाम
बस स्टैंड पर ठीक से बैठने तक की जगह नहीं है। यात्रियों के बैठने के लिए टीनशेड के नीचे चबूतरे बने हुए हैं। इनपर अधिकांश शराबियों का कब्जा रहता है। टप्पेबाजी होने पर कहीं कोई सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था तक नहीं है। इससे घटनाओं का खुलासा तक नहीं हो पाता है। जल्द ही इसका कायाकल्प होना चाहिए। - राजेश गुप्ता, लुधियातपुरा राठ।
राठ बस अड्डा को पीपीपी मॉडल के तहत निर्माण कराए जाने की स्वीकृति मिल गई है। राजस्व टीम ने जमीन की नापजोख भी कर ली है। जल्द ही इस्टीमेट भेजा जाएगा। बजट मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। - आरपी साहू, एआरएम हमीरपुर।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें