हमीरपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मंगलवार को अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन हुआ। निर्वाचन कार्यालय से लेकर तहसील, ब्लॉक और मतदान केंद्र पर एक साथ सूचियां रखी गई हैं। मौसम की वजह से पहले दिन किसी ने कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई।
राज्य चुनाव आयोग की गाइड लाइन के मुताबिक जिला निर्वाचन प्रशासन ने जनपद की 7,34,474 मतदाताओं की सूची का अनंतिम प्रकाशन किया गया। सूची में 40751 नये मतदाताओं के नाम है, वहीं पुरानी मतदाता सूची से 58,988 नाम काटे भी गए है। इन नामों पर अगर किसी को कोई एतराज है तो वह फार्म नंबर चार भरकर बीएलओ को दे सकते है या फिर सीधे निर्वाचन कार्यालय में जमा कर सकते है। मंगलवार को मौसम का असर मतदाता सूची के प्रकाशन पर भी देखने को मिला। सर्दी की वजह से कोई मतदाता अपना नाम देखने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय में नहीं पहुंचा। यही स्थिति ब्लॉक कार्यालय पर रही। जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी एसके शुक्ला ने बताया कि बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए गए है कि वह बूथ पर मतदाता सूची को लेकर बैठेंगे।