भुलसी गांव में मौरंग खदान के रास्ते में जाम के बीच ग्रामीणों को समझाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
मौदहा (हमीरपुर)। ग्रामीणों ने गुरुवार को जाम लगाकर केन नदी पर भुलसी गांव के पास चल रही मौरंग खदान बंद करा दी। उनका कहना था कि नदी में लिफ्टर के जरिए मौरंग निकाली जा रही है। इससे जलस्तर नीचे खिसकने से गांवों के हैंडपंप ठप हो रहे हैं। उनका गुस्सा देख पुलिस भी बैकफुट पर आ गई। सीओ का कहना है कि फिलहाल खदान बंद रहेगी। उच्चाधिकारियों से वार्ता करके कोई हल निकाला जाएगा। खदान मार्ग पर छह घंटे जाम लगने से ट्रकों की लंबी लाइन लगी रही।
केन नदी मेें भुलसी गांव के निकट चल रही खदान से रोजाना कई ट्रक मौरंग निकाली जा रही है। खदान में मौरंग की कगारें नहीं है। ऐसे में नदी की जलधारा से लिफ्टर के जरिए मौरंग निकाली जा रही है। ग्रामीणों का मानना है कि इसी से जलस्तर नीचे चला गया है और गांव के ज्यादातर हैंडपंप ठप हो गए हैं। गुस्साए ग्रामीणों ने सुबह दस बजे गांव के बाहर सड़क जाम कर ट्रकों की आवाजाही रोक दी। सूचना पर आई सिसोलर पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर मौरंग से लदे ट्रकों को तो निकलवा दिया लेकिन ग्रामीणों ने खनन नहीं होने दिया।
गांववालों का गुस्सा बढ़ने की सूचना पर क्षेत्राधिकारी उमरदराज खां और कोतवाल घनश्याम पांडेय भी मौके पर पहुंचे। गांववालों ने डीएम संध्या तिवारी को संबोधित ज्ञापन सीओ को दिया। वे इस पर अड़े रहे कि खदान चालू नहीं होने देंगे। इस पर सीओ ने खदान से मौरंग निकासी बंद करा दी। उनका कहना है कि ग्रामीणों के प्रार्थनापत्र को आला अधिकारियों के पास भेजेंगे। अफसरों से बात कर कोई हल निकाला जाएगा।