फोटो 03 एचएएमपी 01- मानसर बाबा शिव मंदिर को जाने वाले रास्ते में जलभराव। संवाद
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। बीहड़ों में स्थित प्राचीन मनासर बाबा शिव मंदिर तक पहुंचने वाले तीनों प्रमुख संपर्क मार्ग बदहाल हो चुके हैं। कहीं सड़क दलदल में तब्दील है, कहीं लंबी दरारें पड़ गई हैं तो कहीं गहरे गड्ढों के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। सावन माह में बड़ी संख्या में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं ने प्रशासन से इन मार्गों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
सुमेरपुर से करीब सात किलोमीटर दूर स्थित मनासर बाबा शिव मंदिर सावन माह में शिवभक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर तीन ग्राम पंचायतों सौंखर, सिमनौड़ी और देवगांव की सीमा पर स्थित है, जहां पहुंचने के लिए तीन अलग-अलग मार्ग हैं। पहला मार्ग हाईवे से नजरपुर मोड़ होते हुए सौंखर गांव के रास्ते मंदिर तक जाता है। इस मार्ग पर सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। गांव के अंदर नालियों की सफाई न होने से सड़क पर दलदल बना रहता है, जबकि तालाब के पास पुलिया भी टूटी हुई है।
दूसरा मार्ग सुमेरपुर-पत्योरा मार्ग पर देवगांव चौराहे से सिमनौड़ी होकर मंदिर तक पहुंचता है। देवगांव-पत्योरा सीसी सड़क पर जगह-जगह लंबी दरारें पड़ गई हैं। वहीं देवगांव चौराहे के पास पुलिया न होने से जलभराव के कारण सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया है, जहां अक्सर बाइक सवार दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। तीसरा मार्ग कुछेछा से टिकरौली-कारीमाटी होकर मंदिर तक जाता है। यह सड़क भी कई स्थानों पर टूट चुकी है और बरसात में स्थिति और खराब हो गई है। शिवभक्त राजू यादव, बालकिशन शिवहरे, कमलेश विश्वकर्मा, स्पर्श, अशोक शिवहरे सहित अन्य श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि सावन माह में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए तीनों संपर्क मार्गों की तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मंदिर पहुंच सकें।