राठ (हमीरपुर)। नौ दिन पहले चिल्ली गांव में मूकबधिर वृद्ध की हत्या में पुलिस ने उसके पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पत्नी से अवैध संबंध के शक में पड़ोसी ने फावड़े से हमला कर हत्या की थी। इसके बाद पुलिस को गुमराह करता रहा।
कोतवाली क्षेत्र के चिल्ली गांव में पांच जुलाई की दोपहर विजय बहादुर (65) की फावड़े से हत्या कर दी गई थी। वह मूकबधिर थे और खेत में बनी नलकूप की कोठी पर सो रहे थे। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर जाम कर हंगामा किया था। बेटे कुलदीप ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट लिखाई थी। पुलिस घटना के खुलासे के लिए जुटी हुई थी।
कोतवाल रामआसरे सरोज ने बताया कि जांच में गांव के ही वीरेंद्र राजपूत (40) का नाम सामने आया। उसे बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पुल के नीचे से गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे पत्नी के विजय के साथ अवैध संबंध होने का शक था। पांच जुलाई की दोपहर जब विजय बहादुर नलकूप कोठी में सो रहा था तभी पास में रखे फावड़े के पिछले हिस्से से सिर व चेहरे पर वार कर हत्या कर दी। फावड़ा वहीं छोड़ दिया और अपने सोलर पंप में पहुंचकर कपड़े छिपा दिए।