राठ। मुख्यमंत्री की सभा के बाद नगर में विश्वविद्यालय निर्माण पर बयानबाजी जारी है। बीएनवी इंटर कॉलेज के प्रबंधक डॉ. उमाकांत राजपूत ने विश्वविद्यालय के लिए इंटर कॉलेज की जमीन देने की बात कही है।
16 फरवरी 2022 के विधानसभा चुनाव में बीएनवी डिग्री कॉलेज के मैदान से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ब्रह्मानंद विश्वविद्यालय की घोषणा कर गए थे। 21 जून को विकास कार्यों का लोकार्पण करने आए मुख्यमंत्री की जनसभा में विधायक मनीषा अनुरागी ने उन्हें वादा याद दिलाया था। मुख्यमंत्री ने कहा था कि अभी तक बीएनवी डिग्री कॉलेज प्रबंध समिति का प्रस्ताव ही नहीं मिला है। जिसके बाद मामला गर्मा गया है। सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। समिति के अध्यक्ष डॉ इंद्रपाल सिंह ने कहा जुलाई 2023 में 25 एकड़ जमीन का प्रस्ताव बनाकर सौंप चुके हैं। वहीं बीएनवी इंटर कॉलेज के प्रबंधक डॉ उमाकांत सिंह ने बताया कि महाविद्यालय प्रबंध समिति ने जिस टोला मौजा की जमीन का प्रस्ताव भेजा है उसमें से एक भाग जमीन का इंटर कॉलेज के नाम दर्ज है। उन्होंने कहा कि डिग्री कॉलेज की समिति यदि चाहे तो इंटर कॉलेज प्रबंध समिति विश्वविद्यालय के लिए अपनी जमीन देने को तैयार है।