फोटो 27 एचएएमपी 16- उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित करते प्रधानाचार्य। संवाद
सरीला (हमीरपुर)। विकासखंड सरीला क्षेत्र के झबरा स्थित राजकीय हाईस्कूल चंडौत में शनिवार को वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत बालक-बालिका वर्ग की खो-खो, कबड्डी और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं से हुई। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्र-छात्राओं ने लोक नृत्य, गायन, ढोलक वादन, निबंध लेखन, वाद-विवाद तथा देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
समारोह के मुख्य आकर्षण में खेलकूद प्रतियोगिताओं, बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा राज्यस्तरीय खो-खो और हैंडबॉल में स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को प्रधानाचार्य मेहर कुमार ने ट्रॉफी व प्रमाणपत्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, अनुशासन और परिश्रम से विद्यार्थी न केवल अपना, बल्कि समाज का भविष्य भी संवार सकते हैं। शारीरिक शिक्षक दीपक कुमार ने छात्र-छात्राओं को अनुशासन व नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर शिक्षक संदीप कुमार, ब्रजेश राजपूत, बालेंद्र सिंह, दीपक कुमार सहित विद्यालय के तमाम छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।