हमीरपुर। जिले में विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों के तहत ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) शुरू हो रही है। कुल 1434 ईवीएम की जांच के लिए छह इंजीनियरों की टीम तैनात की गई है। यह प्रक्रिया 17 सितंबर से शुरू होगी और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत पूरी की जाएगी।
एफएलसी के दौरान ईवीएम की तकनीकी स्थिति, संचालन और जरूरी मानकों की जांच होगी। यह काम सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक चलेगा। अधिकारियों और तकनीकी टीम की जिम्मेदारी होगी कि हर प्रक्रिया नियमों के अनुसार पूरी हो। तकनीकी कमी वाली मशीनों को अलग कर हैदराबाद रिपेयरिंग के लिए भेजा जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक गोयल पारदर्शिता और निगरानी करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय भी वेबकास्टिंग के माध्यम से नजर रखेगा। भारत इलेक्ट्रानिक लिमिटेड कंपनी के छह इंजीनियर यह तकनीकी जांच करेंगे। प्रशासन ने वेयर हाउस में सभी जरूरी इंतजाम किए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, एफएलसी पूरी होने के बाद जांची गई ईवीएम अगले चरण के लिए तैयार होंगी। प्रशासन का जोर है कि मशीनों की जांच में किसी तरह की लापरवाही न हो। प्रत्येक ईवीएम की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच पूरी की जाए। एडीएम राकेश कुमार ने बताया कि इस दौरान सुरक्षा और पूरी निगरानी रहेगी।