सुमेरपुर रेलवे स्टेशन मार्ग में भरा बरसात का पानी।
- फोटो : अमर उजाला
भरुआ सुमेरपुर हमीरपुर। पहली बारिश ने ही नगर पंचायत की साफ सफाई की पोल खोलकर रख दी है। नाले व नालियों की सफाई न करने से सड़कों पर पानी भर रहा है। बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर्स नालियों पर कब्जा किए हैं जिससे बरसात का पानी नहीं निकल पा रहा है। रेलवे स्टेशन मार्ग पर जगह-जगह पानी भरने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
15 जून से पहले निकाय क्षेत्र के सभी नालों व नालियों की सफाई कराने के निर्देश थे। कस्बे में 7400 मीटर लंबाई के नाले हैं। इसके अलावा हर गली, हर रास्ते में नालियों का निर्माण हो चुका है। 60 सफाईकर्मियों का भी बेड़ा साफ सफाई के लिए लगा है। नालों की सफाई के लिए अभी 15 अतिरिक्त सफाईकर्मियों को ठेकेदार के माध्यम से लगाया गया है लेकिन सफाई में ही खानापूरी की गई। बरसात की पहली ही बारिश से स्टेशन रोड सहित नई बस्तियों में जगह-जगह जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। स्टेशन रोड के हालात यह है कि बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर्स ने नालियों पर कब्जा कर रखा है लेकिन नगर पंचायत अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही है। इससे बरसात का पानी सड़क में भर रहा है। इस रोड पर आधा दर्जन विद्यालय भी हैं।
एक जुलाई से विद्यालय खुलने पर सड़क किनारे जलभराव और अधिक समस्या पैदा कर सकता है। अभी भी राहगीरों व वाहन चालकों को जलभराव से जूझना पड़ रहा है। नई बस्तियों में पर्याप्त जलनिकासी की व्यवस्था न होने से जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। इस मामले में अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह का कहना है कि नालियों व नालों की सफाई का कार्य चल रहा है। स्टेशन रोड के जलभराव की समस्या को देखने के बाद उचित कार्रवाई करेंगी। उधर कस्बावासियों का कहना है कि सफाई व्यवस्था नगर पंचायत की जिम्मेदारी है और उन्हें बरसात के पहले दुरुस्त करा लेना चाहिए।