मौदहा (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र के कम्हरिया गांव के बाहर मंगलवार सुबह एक अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने नाले में शव उतराता देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान कम्हरिया गांव निवासी दिलदार (50) के रूप में हुई।
भाई मुबारक ने बताया कि दिलदार दो दिन पहले खेतों में पानी लगाने की बात कहकर घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और गांव में मजदूरी करता था।
कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में ग्रामीणों ने दिलदार के नशे का आदी होने की बात कही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।