कुम्हऊपुर गांव के कुएं से शव निकालते लोग।
- फोटो : Amar ujala
ललपुरा थानाक्षेत्र के कुम्हऊपुर गांव से 11 दिन पूर्व लापता हुई वृद्धा का शव गांव के बाहर एक कुंए में मिला। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने दमकल की सहायता से शव को बाहर निकाला। वृद्धा अपनी बेटी के साथ रहती थी। मृतका की बेटी ने कहा कि अधिक उम्र होने के कारण मां मानसिक रूप से विक्षिप्त हो गई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कुम्हऊपुर गांव निवासी सियादुलारी (100) 28 मार्च से लापता थी। जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उसकी बेटी सरमन ने 30 मार्च को थाने में दर्ज कराई थी। वहीं, शुक्रवार को गांव के बाहर बने बंजारन कुंआ से गंध उठने पर ग्रामीणों ने झांककर देखा तो एक शव पानी में तैरता नजर आया। शव मिलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को निकालने के लिए दमकल को बुलाया। शव बाहर निकालने पर उसकी पहचान सियादुलारी के रूप में हुई। मृतका की बेटी सरमन ने बताया कि उम्र अधिक होने के कारण उसकी मां का दिमाग कमजोर हो गया था। जिससे वह कहीं भी निकल जाती थी। बताया कि 28 मार्च को घर से अचानक गायब होने के बाद उसने अपनी जालौन निवासी बहन के यहां भी तलाश की लेकिन वह नहीं मिली। जिस पर 30 मार्च को उसने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।