भरुआसुमेरपुर। संदिग्ध हालात में 14 साल की किशोरी का शव मंगलवार शाम घर पर मिला। परिजन जब घर लौटे तो कमरे का दरवाजा खुला था। किशोरी के शरीर पर कोई चोट के निशान भी नहीं थे। किशोरी के पिता ने पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी समेत उसके परिवार के चार सदस्यों पर ही बेटी की गला घोटकर हत्या का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष दुर्ग विजय सिंह ने बताया कि पुलिस को फांसी लगाने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान किशोरी के हाथ का लिखा सुसाइड नोट भी मिला है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखकर ही की जाएगी।
कस्बे के चांद थोक निवासी बरदानीलाल सोनकर ने बताया कि उसकी पुत्री यशी उर्फ बेटू (14) मंगलवार की शाम घर पर अकेली थी। उसकी पत्नी दूसरी बेटी के साथ खेतों में फसल काटने गई थी और वह बांदा गया हुआ था। शाम करीब पांच बजे जब वे लोग घर पहुंचे तो देखा कि चारपाई के पास जमीन पर बेटू का शव पड़ा हुआ है। किशोरी के परिजनों ने पड़ोसी व उसके परिवार के चार सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया है।
पिता बरदानी के मुताबिक कुछ दिन पहले ही पड़ोसी ने मामूली विवाद के चलते उसके साथ भी मारपीट की थी। पुलिस ने पड़ोसी के खिलाफ 151 की कार्रवाई की थी। थानाध्यक्ष का कहना है कि शव के पास ही एक साड़ी भी मिली है, उसी से फंासी लगाने की आशंका है। सुसाइड नोट में भी किशोरी ने मौत का जिम्मेदार स्वयं को बताया है।