हमीरपुर। एक बार फिर से बीएसए कार्यालय में शिक्षकों के साथ हो रहे शोषण की आवाज जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। उत्तर प्रादेशिक शिक्षक संघ द्वारा बृहस्पतिवार को बीएसए कार्यालय का घेराव कर बीएसए को ज्ञापन सौंपा है। शिक्षकों ने पेंशन निर्धारण एवं देयकों में पैसे मांगने का आरोप वित्त एवं लेखाधिकारी पर लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिक्षकों ने इससे संबंधित ऑडियो व वीडियो क्लिप भी बीएसए को उपलब्ध कराई हैं। बीएसए ने मामले की जांच कराए जाने के आदेश दिए हैं।
शिक्षक मीरा तिवारी, श्रीकुमार राजपूत, हामिद हुसैन आदि शिक्षकों ने बताया कि पेंशन निर्धारण के लिए उनसे 25,000 रुपये की वसूली की गई है। संगठन के जिलामंत्री पुष्पेंद्र त्रिपाठी ने बीएसए के सामने इन शिक्षकों के शोषण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अगर इन शिक्षकों से वसूल की गई रकम वापस न की गई और इनके पेंशन में जो कटौती हुई है, अगर उसका संशोधन नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन एवं धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होगा।
वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय सैदपुर की शिक्षिका जीनत बानो ने बताया कि लेखाकार कौशल किशोर द्वारा जो पैसों की मांग उनसे की गई और वह पूर्ण न करने पर उनकी पेंशन में कटौती कर दी गई है। शिक्षिका हेमलता सोनी का आरोप है कि उसके एरियर देय में लेखाकार कौशल किशोर ने 15,000 रुपये की वसूली की है। शिक्षकों ने पैसा वापस कराए जाने व उक्त लेखाकार पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
लेखाकार कौशल किशोर ने बताया कि समय से सारे कार्य किए जा रहे हैं। किसी भी शिक्षक को अपने पास बुलाते नहीं, किसी से फोन में तक बात नहीं करते। किसी की भी पेंशन व देयकों का भुगतान पेंडिंग नहीं है। सारे आरोप निराधार हैं।
बीएसए मुकेश खरवार ने बताया कि राठ क्षेत्र के शिक्षकों ने ज्ञापन सौंपकर लेखाकार पर पैसे मांगने के आरोप लगाए हैं। यह बीते मार्च के समय का मामला है। शिक्षकों ने ऑडियो क्लिप भी सुनाई हैं। मामले के जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में पुष्टि होने पर कार्रवाई की जाएगी।