बीबीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल चकमोह में स्कूल
प्रबंधक कमेटी ने एक महिला टीचर को हटा दिया है। हालांकि नए शिक्षा सत्र को
शुरू हुए 4 माह बीत चुके हैं, लेकिन उसके बावजूद स्कूल प्रबंधन कमेटी ने
जीव विज्ञान के पद पर कार्यरत अध्यापक को उसके पद से हटा दिया है।
महिला
अध्यापक ने इस मामले की शिकायत एडीसी हमीरपुर व एसडीएम बड़सर से की है। अध्यापक
टीचर मीना कुमारी पुत्री हंस राज शर्मा गांव चकमोह ने स्कूल प्रबंधक कमेटी
पर आरोप लगाया है कि कमेटी ने उसकी योग्यता को दरकिनार कर उसे नौकरी से
हटा दिया है। जबकि उससे कम योग्यता के शिक्षक को रख लिया है।
मीना कुमारी
ने बताया कि वह स्कूल में मार्च 2010 से कार्यरत है। जब वह स्कूल में
प्रवक्ता लगी थी, उस समय पटवार सर्कल की कोई भी शर्त नहीं थी, लेकिन अब
कमेटी पटवार सर्कल का बहाना बनाकर अपना पल्लू झाड़ रही है। मीना कुमारी का
आरोप है कि उसे राजनीतिक द्वेष के चलते नौकरी से हटाया गया है।
उसके
विषय का परीक्षा परिणाम भी हमेशा बेहतर रहा है। अध्यापक ने निष्पक्ष जांच
कर उचित कार्रवाई की मांग की है। उधर, न्यास अध्यक्ष एवं एसडीएम बड़सर
अक्षय सूद का कहना है कि मामले की शिकायत आई है। मामले की स्कूल
प्रधानाचार्य से रिपोर्ट मांगी गई है।