गहरौली (हमीरपुर)। मुस्करा विकासखंड के गहरौली गांव में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में मंगलवार को तगारी की टीम ने खरेला की टीम को 16 रनों से हराया।
टॉस जीतकर तगारी के कप्तान दीपू ने पहले बल्लेबाजी चुनी। निर्धारित 15 ओवरों में उनकी टीम ने 132 रन बनाए। जैक्सन ने 23, बीरेंद्र ने 39 और बंटू ने 10 रन का योगदान दिया। जवाब में खरेला 116 रन पर ऑल आउट हो गई। छोटू ने 55 और बंसी ने 20 रन बनाए। तगारी के गेंदबाज रिंकू ने तीन विकेट लिए, जबकि जैक्सन को दो मिले। खरेला की ओर से बल्लू ने चार और राजेंद्र ने तीन विकेट झटके। अंपायर सचिन राजपूत व हर्ष गुरुदेव रहे। स्कोरर सुनील राजपूत, जबकि कमेंट्री उमाकांत व नितिन गुरुदेव ने की।
इससे पहले मैच का शुभारंभ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संजय दीक्षित, समाजसेवी अरविंद्र सिंह राजपूत (खड़ेही लोधन), तथा हुसेना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामजी तिवारी ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय लिया और मैच की शुरुआत कराई।