राठ। लक्ष्य परिवार द्वारा स्वामी ब्रह्मानंद का जन्मोत्सव दीपदान के माध्यम से मनाया गया। इस दौरान समाधि स्थल पर 31 हजार दीये एक साथ जलाए गए। दीयों को इस तरह से सजाया गया कि उनकी रोशनी में ड्रोन कैमरे से स्वामी ब्रह्मानंद के छाया चित्र की झलक मिली।
दीपदान कार्यक्रम देखने के लिए नगर सहित क्षेत्र से लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इससे पूर्व लक्ष्य परिवार द्वारा लोधेश्वर धाम में स्थापित स्वामी ब्रह्मानंद की अनाज से बनी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। जन्मोत्सव समारोह के दौरान विधायक मनीषा अनुरागी ने स्वल्पाहार का स्टॉल लगवाया। वहां मुख्य अतिथि उमा भारती ने भी स्वल्पाहार किया।
उधर, स्वामी ब्रह्मानंद संस्कृत महाविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को स्वामी ब्रह्मानंद सम्मान से नवाजा गया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण सिंह लोधी ने कहा कि नई पीढ़ी में स्वामी जी के संस्कार समाहित करने होंगे।
महिला प्रसूति विशेषज्ञ डॉ.संतोष सिंह लोधी ने कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर मानव सेवा में अपना समय देंगी। पूर्व कृषि निदेशक डॉ.डीपी सिंह लोधी ने कहा कि अपने ग्रंथ में स्वामी जी के जीवन से जुड़े अनछुए पहलुओं को उजागर किया है। शिवपुरी मध्यप्रदेश से आए योगाचार्य स्वामी श्यामदेव ने संचालन किया।
समारोह में स्वामी जी पर ग्रंथ लिखने वाले डॉ.डीपी सिंह, डॉ.बीके लोधी इलाहाबाद, फिल्म निर्देशक चंदू सिंह लोधी, सीएल साहू, अवधेश कुमार, पंकज दीक्षित, तारा पाटकार महोबा, डॉ शिवकुमार श्रीवास, निधि त्रिपाठी, महेश लोधी, प्रगतिशील किसान रघुवीर सिंह राजपूत आदि को सम्मानित किया गया।