प्रधानी चुनाव सकुशल कराने के लिए थानाध्यक्ष, सीओ, एएसपी और एसपी गांव-गांव जाकर संदिग्धों की पहचान करेंगे। इनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। आईजी जोन इलाहाबाद बृजभूषण ने शनिवार शाम पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में ये निर्देश दिए।
आईजी जोन इलाहाबाद ने कहा कि प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिए बिगुल बज गया है। इसे शांतिपूर्वक कराने को जिले के गांवों में जाकर अराजकतत्वों की पहचान करें। आईजी ने कहा कि पूर्व में हुए चुनाव में जमा कराए गए लाइसेंसी असलहे अभी वापस नहीं किए जाएंगे। इसके साथ ही कहा कि पूर्व में हुए पंचायत चुनाव में जितने लोगों पर पाबंदी की कार्रवाई की थी, उनकी पाबंदी की अवधि सीमा छह माह तक बढ़ा दी गई है।
आईजी ने कहा कि चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब के कारोबार पर अकुंश लगाने को कहा गया है। साथ ही उन्होंने थानेदारों से कहा कि महिलाओं के साथ हो रही उत्पीड़न की घटनाओं पर रोक लगाएं। ऐसे मामले थाने आने पर त्वरित कार्रवाई की जाए। लापरवाही बरतने वाले थानेदार बख्शे नहीं जाएंगे। मौके पर डीआईजी चित्रकूट धाम मंडल बांदा ज्ञानेश्वर तिवारी, एसपी मुनीराज जी और महोबा एसपी भी मौजूद थे।