प्रशिक्षण कार्यक्रम में टेलीस्कोप से जानकारी लेते प्रशिक्षणार्थी।
- फोटो : अमर उजाला हमीरपुर
मौदहा कस्बे में जिला विज्ञान क्लब के प्रशिक्षण के दूसरे दिन मंगलवार को बागपत से आए योगेश कुमार ने अपने वैज्ञानिक व्याख्यान में चमत्कारों की वैज्ञानिक के बारे में जानकारी दी। सूर्य की हलचल टेलीस्कोप से दिखाने के साथ, बोतल में भूत कैद करना, बलि प्रथा के अंधविश्वास में गिलास से खून गायब करने के पीछे के विज्ञान को समझाया। साथ ही आग खाना, आग से नहाना आदि का प्रयोग कर चमत्कारों का खंडन किया। उन्होंने वैज्ञानिक सोच पैदा करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए जन सामान्य में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की अपील की।
विद्यादेवी पालीवाल इंटर कालेज में चल रहे प्रशिक्षण के दूसरे दिन जिला विज्ञान क्लब का जागरूकता व प्रशिक्षण हुआ। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तकनीकी सत्र में प्रोजेक्टर के जरिए फि ल्म दिखाकर वैज्ञानिक व्याख्या की जानकारी दी गई। जैविक खेती विशेषज्ञ रामसनेही साहू ने दूध में पानी, मक्खन निकाल लेना, यूरिया, सोडियम बाइकार्बोनेट,कृत्रिम दूध एवं डिटर्जेंट, स्टार्च आदि तथा देशी घी में वनस्पति घी, उबाले आलू, सरसों के तेल में आर्जीमोन, खनिज तेल, सायनाइड आदि की मिलावट सहित अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की जानकारी दी। लखनलाल जोशी ने संचालन किया। जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक डॉ. जीके द्विवेदी, प्रधानाचार्य रामप्रकाश पथिक, शिवकुमार, संदीप कुमार, अमित कुमार, धीरेंद्र कुमार खरे, ओपी पटेल आदि का विशेष योगदान रहा।