पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत खतरवाड़ के एक युवक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मंगलवार सुबह गांव के एक व्यक्ति ने युवक का शव पेड़ से लटका देखा।
इसकी सूचना उसने मृतक की मां को दी। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच शव को कब्जे में ले लिया है। सौरभ कुमार (22) पुत्र अशोक कुमार निवासी खतरवाड़ हाल ही में चंडीगढ़ से बीटेक करने के बाद घर लौटा था। सौरभ बीते तीन दिनों से घर से लापता था।
इसकी गुमशुदगी की शिकायत अशोक कुमार ने सोमवार शाम को पुलिस थाना भोरंज में दर्ज करवाई थी। मंगलवार सुबह गांव का ही एक व्यक्ति खेतों में काम के लिए जा रहा था। इस दौरान उसने अशोक कुमार के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर उसके बेटे सौरभ को लटका हुआ देखा।
इसकी सूचना उसने तुरंत उसकी मां को दी। सूचना मिलते ही सभी परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सौरभ मानसिक रूप से परेशान चल रहा था और बीते तीन दिन से घर से लापता था। उधर, थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।