फोटो30 एचएएमपी-04 छात्रा से सवाल हल करवाते जिलाधिकारी। स्रोत सूचना विभाग
-कंपोजिट विद्यालय पतारा के निरीक्षण के दाैरान छात्रों ने डीएम से की शिकायत
-प्रभारी प्रधानाध्यापक को तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। कंपोजिट विद्यालय पतारा में छात्रों को मध्याह्न भोजन में दूध में मट्ठा मिलाकर दिया जा रहा है। बुधवार को निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी अशोक कुमार से छात्रों ने इसकी शिकायत की। डीएम ने बीएसए को मामले की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कहा कि छात्रों को तय मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन ही उपलब्ध कराया जाए।
विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से मिड-डे मील के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि उन्हें दूध में मट्ठा मिलाकर दिया जाता है। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और बीएसए मुकेश खरवार को मामले की जांच कराने के निर्देश दिए। कहा कि भोजन बनाने से पहले खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांची जाए। भोजन में अच्छी गुणवत्ता का तेल, मसाला व अन्य सामग्री का इस्तेमाल हो। भोजन परोसने से पहले शिक्षक-अभिभावक समिति या अभिभावकों से चखवाकर गुणवत्ता परखें। बीएसए ने आदेश के बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक से तीन दिन में जवाब मांगा है।
डीएम ने बाद में छह से आठ कक्षा के लिए बने नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। भवन हैंडओवर होने के बाद भी साफ-सफाई ठीक न मिलने और खिड़कियों के शीशे ढीले होने पर नाराजगी जताई। बीएसए को साफ-सफाई, मरम्मत और फर्नीचर की व्यवस्था कराकर 15 दिन के भीतर कक्षाएं शुरू कराने के निर्देश दिए। इसके बाद ग्राम पंचायत भवन में संचालित डिजिटल लाइब्रेरी का जायजा लिया।
छात्रों से पूछे सवाल, सुने पहाड़े
डीएम ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्रों से 12 और 13 के पहाड़े समेत सवाल पूछे। छात्राओं से गुणा, भाग, जोड़ के सवाल ब्लैक बोर्ड पर हल करवाए। बच्चों के सही जवाब देने पर पठन-पाठन की सराहना की। बच्चों की तारीफ करते हुए मेहनत से पढ़ाई करने के लिए कहा। बच्चों से कहा कि सफलता के लिए मेहनत जरूरी है।