भरुआसुमेरपुर। कस्बा स्थित राजकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को दो दिवसीय क्रीड़ा समारोह शुरू हुआ। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। छात्रा वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अनामिका शुक्ला और छात्र वर्ग में शानू मिश्रा प्रथम स्थान पर रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष आनंदी प्रसाद पालीवाल ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं से युवाओं के निखारने के अवसर प्राप्त होता है। यह महाविद्यालय क्षेत्र के युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को कई विषयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्राप्त होगा। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सत्येंद्र सिंह ने कहा कि सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी सभी जगह सम्मान प्राप्त करते हैं। खेलकूद से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य भी मजबूत होता है।
इस मौके पर तवा फेंक, बैडमिंटन, भाला फेंक एवं दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। छात्रा वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अनामिका शुक्ला ने प्रथम, कोमल ने द्वितीय व प्रिया देवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्र वर्ग में शानू मिश्रा प्रथम, शुभम पांडे द्वितीय व पवन मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तवा फेंक में राशि गुप्ता प्रथम, अनामिका शुक्ला ने द्वितीय व दिव्या शास्त्री ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समारोह में क्रीड़ा प्रभारी डॉ.रावेंद्र सिंह, डॉ.केके श्रीवास्तव, मीरा गुप्ता, डॉ.एसपी गुप्ता, डॉ.पवन यादव, डॉ.शक्ति गुप्ता आदि मौजूद रहे।