मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे के रहमानियां इंटर कॉलेज खेल मैदान में विद्यालय के संस्थापक मौलाना सैय्यद सलीम जाफरी की स्मृति में खेले जा रहे आल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट में पांचवें दिन भोपाल व छत्तीसगढ़ के बीच शानदार मैच खेला गया। इसमें भोपाल ने छत्तीसगढ़ को 4-2 से पराजित कर दिया। मैच से पूर्व खेल मैदान में राष्ट्रगान गाया गया।
आल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट के पांचवें दिन भोपाल व छत्तीसगढ़ की टीम के बीच मैच खेला गया, जिसमें 5वें मिनट में एएस भोपाल टीम ने पहला गोल एवन ग्रीन छत्तीसगढ़ पर ठोंका। जबकि, खेल के 21वें मिनट में छत्तीसगढ़ ने इसका जवाब देते हुए भथपाल पर गोल कर बराबरी कर ली। लेकिन, खेल के 29वें मिनट में भोपाल ने दूसरा गोल किया। वहीं, खेल के 44वें मिनट में भोपाल ने छत्तीसगढ़ पर तीसरा गोल किया। इस रोमांचक खेल के 48वें मिनट में भोपाल ने छत्तीसगढ़ पर चौथा गोल किया। जबकि आखरी पड़ाव के 57वें मिनट में छत्तीसगढ़ ने भोपाल पर एक और गोल किया। इस तरह भोपाल ने छत्तीसगढ़ को 4-2 से पराजित किया। भोपाल के फैजान को मैन आफ द मैच दिया गया। कल इसी समय रॉयल क्लब मौदहा व एएस भोपाल के बीच दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा। इस मौके पर टूर्नामेंट में मुख्य भूमिका निभाने वाले झब्बू ठेकेदार, संयोजक अनीस, नजमुद्दीन उर्फ पावर, व बीतू बादशाह तथा जुम्मू आदि थे। इस मैच के मुख्य अतिथि सपा नेता रईस अहमद व कांग्रेेस नेता सलीम अहमद, शहजादा चिश्ती व कक्कू खान थे।