हमीरपुर। बुंदेलखंड के ग्रामीण इलाकों के युवक और युवतियों को तेज गेंदबाज बनाए जाने के लिए एकेडमी में गुर सिखाए जा रहे हैं। क्रिकेट से दूरी बनाने वाली बालिकाएं तेज गेंदबाज बनने को एकेडमी में एंट्री लेकर अब तीन दिवसीय प्रशिक्षण में युवाओं को टक्कर दे रही हैं।
कानपुर-सागर नेशनल हाईवे-34 से लगे शहर से करीब दस किमी दूर कुंडौरा गांव स्थित कल्प क्रिकेट एकेडमी में इन दिनों युवा क्रिकेटरों की धूम है। तीन दिवसीय तेज गेंदबाजों के प्रशिक्षण कैंप में तीन दर्जन से अधिक युवा क्रिकेटर गेंदबाजी की बारीकियों को सीख रहे हैं। इनमें दो बालिकाएं भी तेज गेंदबाजी के गुर सीख रही हैं। उप्र क्रिकेट एसोसिएशन के प्रशिक्षक उबैद कमाल युवाओं को गेंदबाजी के टिप्स दे रहे हैं।
एकेडमी के संरक्षक आरएस यादव की पुत्री वर्तिका व एक पुलिस कर्मी की बेटी भी प्रशिक्षण में गेंदबाजी सीख रहीं हैं। एकेडमी के संरक्षक ने बताया तीन दिवसीय प्रशिक्षण में कानपुर व चित्रकूट से भी तमाम युवकों को तेज गेंदबाजी के गुर सिखाए जा रहे हैं। उप्र क्रिकेट एसोसिएशन के प्रशिक्षक ने बताया इस क्षेत्र में बालिकाओं में क्रिकेट के प्रति रुचि पहले कभी नहीं देखी गई है। लेकिन अब उनमें अच्छी गेंदबाजी और बल्लेबाजी का जज्बा देखा जा रहा है।
उप्र क्रिकेट संघ में एंट्री के लिए शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन
क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव धीरज शुक्ला ने बताया ग्रामीण क्षेत्रों में क्रिकेट के प्रति बालकों और बालिकाओं में प्रतिभाएं तो हैं, लेकिन उन्हें सही प्लेटफार्म नहीं मिल सका। अब ऐसे लोगों को अच्छी गेंदबाजी और बल्लेबाजी सिखाने के लिए मौका दिया जा रहा है। कहा 15 जुलाई से क्रिकेट संघ के रजिस्ट्रेशन शुरू होंगे। रजिस्ट्रेशन के बाद चयनित बालकों और बालिकाओं को प्रशिक्षित कर आगे बढ़ने का मौका दिया जाएगा।