पौथिया गांव में बंद पड़ा सोलर पंप।
- फोटो : अमर उजाला
पिछले साल पौथिया गांव में स्थापित हुए दो सोलर पंपाें में एक खराब पड़ा है। जिसके चलते इससे जुडे़ दो स्टैंड पोस्ट पानी नहीं दे रहे हैं। साथ ही अभी से हैंडपंपों के जवाब दे जाने से गांव के ऊंचाई वाले क्योटरा मोहल्ले में पेयजल संकट गहराने लगा है। वहीं, इन पंपों के ठीक कराने की विभाग सुध नहीं ले रहा है।
पिछले साल पेयजल किल्लत को लेकर शासन ने साढ़े तीन हजार आबादी वाले गांवों में सोलर पंपाें की स्थापना हुई। तब जनपद में13 गांवों में 20 स्थानों पर पंप लगाए गए। इसमें एक पंप लगाने में करीब छह लाख रुपया शासन ने खर्च किया। इसी के तहत बड़ी आबादी वाले पौथिया गांव में दो पंपाें की
स्थापना आरके इंजीनियर्स कंपनी लखनऊ ने की थी। जिसमें ऊंचाई वाले क्योटरा मोहल्ले में लगाया गया पंप एक माह से खराब पड़ा है। जिसके चलते मोहल्ले के लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के दिलीप का कहना है कि पहले से ही मोहल्ले के हैंडपंपाें ने जवाब दे दिया है। वहीं,
पंप के जवाब दे जाने से मोहल्ले में पानी की समस्या आ खड़ी हुई है। प्रधान आनंद अशोक सचान ने बताया कि पंप लगाने वाली कंपनी वाले फोन ही नहीं उठाते हैं। उन्होंने बताया कि इस संबध में जिला स्तर पर हुई पीस कमेटी की बैठक में भी मामले को जिलाधिकारी के सामने रखा था। लेकिन कोई कार्यवाही
नहीं हुई। इस मामले में जलनिगम यांत्रिक शाखा बांदा के परियोजना प्रबंधक रामनिवास ने बताया कि कंपनी को पांच वर्ष के मेंटीनेस की जिम्मेदारी दी गई है। यदि कहीं कोई कमी आती है तो वह ठीक करेंगे। वहीं, आरके इंजीनियर्स के कर्मचारी सीवेंद्र मिश्रा का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। होली
त्योहार खत्म होते ही एक सप्ताह के अंदर पंप ठीक करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कहीं भी सोलर पंपों में शिकायत होने पर ग्रामीण उनके मोबाइल नंबर 7705804558 पर संपर्क कर सकते हैं।