फोटो 10 एचएएमपी 08- व्यापारी के घर के अंदर घुसी कानपुर एसओजी टीम। सीसीटीवी फुटेज
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। कानपुर से आई एसओजी टीम रविवार शाम करीब सात बजे स्टेशन रोड निवासी एक व्यापारी राजू गुप्ता के आवास में बिना सूचना के दाखिल हो गई। टीम एक अपराधी की तलाश में सीसीटीवी फुटेज देखने पहुंची थी। घर में मौजूद महिलाओं के विरोध के बाद टीम को बाहर लौटना पड़ा।
राजू गुप्ता सरिया के थोक व्यापारी हैं। उनके भाइयों का भी बाइक, टायर तथा मार्बल-टाइल्स का थोक कारोबार है। घटना के समय तीनों भाई अपने प्रतिष्ठानों पर थे। एसओजी टीम ने महिलाओं से सीसीटीवी फुटेज दिखाने के लिए कहा। महिलाओं ने घर में पुरुष सदस्य न होने की बात कहकर टीम को बाहर जाने के लिए कहा। इस पर पुलिसकर्मियों ने खुद को एसओजी टीम का सदस्य बताया। महिलाओं के लगातार विरोध के बाद टीम घर से बाहर निकल गई।
व्यापारियों के घर लौटने पर महिलाओं ने उन्हें घटना की जानकारी दी। राजू गुप्ता ने पुलिस को अज्ञात लोगों के घर में घुसने की शिकायत की। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि यह कानपुर एसओजी टीम थी। उन्होंने स्वीकार किया कि पुलिस टीम को बिना सूचना घर में दाखिल नहीं होना चाहिए था।