शहर के हाईवे पर बारिश से भरे पानी से गुजरते वाहन। संवाद
- फोटो : शहर के हाईवे पर बारिश से भरे पानी से गुजरते वाहन। संवाद
हमीरपुर। दो दिनों से छाए घने बादलों व तेज हवाओं के चलते शुक्रवार सुबह गरज चमक के साथ पांच एमएम बारिश हुई। बिजली गिरने से एक चरवाहा की मौत हो गई। शहर की कई गलियों में जलभराव हो गया। इस दौरान ठंडी हवाएं चलने से लोगों को कुछ देर के लिए उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक दो दिन घने बादल छाए रहने, तेज आंधी के साथ बिजली चमकने व हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं
जनपद महोबा के खन्ना थानाक्षेत्र के ग्योंड़ी गांव निवासी झल्लू अनुरागी (55) की बिजली गिरने से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक सुबह घर से बकरी चराने खेतों में गया था। दोपहर बाद अचानक मौसम खराब हो गया और बादल गरजने लगे। चरवाहा बबूल के पेड़ के नीचे बैठकर अपना बचाव करने लगा। इसी बीच बिजली गिरी और वह गंभीर रूप से झुलस गया। आस पास मौजूद चरवाहों ने परिजन को सूचना दी। परिजन उसे मौदहा सीएचसी लेकर आए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भाई संतोष ने बताया कि भाई के तीन बेटियां व दो बेटे हैं। बेटियों की शादी हो चुकी है।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. शालिनी ने बताया कि मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक नौ व 10 मई को मेघ गर्जना के साथ वज्रपात की संभावना जताई है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना है। हवा की गति 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की उम्मीद जताई गई है। इससे दृश्यता में कमी, कच्चे घरों व झोपड़ियों में नुकसान हो सकता है। तेज हवाओं व वज्रपात से बागवानी पेड़ों व कृषि में नुकसान होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दिन में पांच एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। आगामी दो दिन मौसम खराब रहने की उम्मीद जताई है।
-
मौसम ने अचानक मारी पलटी हुई बूंदाबांदी
भरुआ सुमेरपुर। शुक्रवार को सुबह मौसम ने अचानक पलटी मारी। गरज चमक के साथ कहीं हल्की बारिश तो कहीं बूंदाबांदी हुई। बादलों की आवाजाही का क्रम पूरे दिन बना रहा। हल्की बारिश से जायद की फसलों में खास तौर पर मूंग की फसल को राहत मिली है। मौसम के इस बदलाव से किसान खुश नजर आए। किसानों के अनुसार वैशाख मास की आखिरी और ज्येष्ठ मास के प्रथम सप्ताह में अगर बारिश हो जाती है तो गर्मी की जुताई के लिए बेहतर साबित होती है।