राठ में चाचा-भतीजे की मौत पर पोस्टमार्टम हाउस में गमगीन खडे़ परिजन
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार की रात राठ-उरई मार्ग पर बिगवां मोड़ के पास अज्ञात वाहन से टकराकर बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत सिर में आई गंभीर चोटों से हुईं। दोनों हेलमेट नहीं लगाए थे और इसका खामियाजा जान देकर भुगतना पड़ा। दो मौतों से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के चचेरे भाई ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाकर कुचलने की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के सरसई गांव निवासी देवकरन यादव पुत्र गनपत की चिकासी थाने के बरौली गांव में ससुराल है। शुक्रवार की शाम करीब सात बजे देवकरन अपने भतीजे गनेशी यादव (22) पुत्र मूूलचंद्र के साथ बाइक से ससुराल जा रहे थे। शाम करीब आठ बजे राठ-उरई मार्ग पर बिगवां मोड़ के पास बाइक सवारों को एक अज्ञात वाहन से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दोनों सड़क पर गिर गए। काफी देर बाद जब सूचना पर पुलिस पहुंची, तो दोनों की मौत हो चुकी थी। गनेशी के चचेरे भाई उदयभान पुत्र गजराज ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने और कुचलने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि गनेशी यादव इकलौता पुत्र था। गनेशी की अभी शादी भी नहीं हुई थी।
देवकरन के दो पुत्र हर्षित (12) और बादल (10) हैं। उदयभान ने बताया कि बाइक सवार बिना हेलमेट के थे। साइड से टक्कर लगने पर दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। यदि हेलमेट लगाए होते तो बच जाते। वहीं कोतवाल एचडी सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। चाचा-भतीजे की मौत पर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। बच्चे और पत्नी सहित परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।