घर से हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा देने निकली छात्रा को एक मोबाइल कंपनी के टॉवर में बंधक बनाकर बलात्कार किया गया। ये दरिंदगी टावर के ही एक कर्मचारी ने की। ढाई घंटे बाद मुक्त किए जाने से छात्रा की परीक्षा छूट गई। आरोपी गांव से फरार हो गया है। मामला कानपुर के हमीरपुर कस्बे का है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की सोलह वर्षीय छात्रा की 25 मार्च को हाईस्कूल की इंचौली केंद्र पर बोर्ड परीक्षा थी। सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे वह शौच के लिए गांव से बाहर गई। मकान से कुछ ही दूर स्थित एक मोबाइल टॉवर में काम करने वाला गांव का ही युवक प्रमोद कुशवाहा उसे अंदर घसीट ले गया। टॉवर रूम में बंधक बनाकर उसने छात्रा के साथ मुंह काला किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे आरोपी ने उसे मुक्त किया।
छात्रा ने कोतवाली पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता फतेहपुर में एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करने गए हुए हैं। वह घर में अपनी बूढ़ी दादी के साथ रहती है। घटना की जानकारी होने पर दादी ने पीड़िता के बड़े चाचा को सूचना दी।
कोतवाली पुलिस ने गांव में आरोपी के घर छापा मारा लेकिन वह फरार हो चुका था। पीड़िता के पिता ने कोतवाली में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी एके सिंह ने बताया कि किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी को जल्द ही दबोच लिया जाएगा।