हमीरपुर। जिलाधिकारी ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरते जाने पर सख्त रुख अपनाया है। बीते 17 अक्तूबर को दिए गए निर्देशों का पालन न होने पर जिलाधिकारी ने सदर तहसीलदार वीरपाल का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। वहीं सदर एसडीएम अभिषेक कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। डीएम ने कहा कि आयोग के निर्देशों के अनुपालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शनिवार को जिलाधिकारी अशोक कुमार ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार के साथ मतदाता पंजीकरण केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर के इस्लामिया इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज तथा शीतलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में केंद्रों का उद्घाटन किया। डीएम ने सभी बीएलओ को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता बनाने पर जोर दिया जाए। बीएलओ अपने मतदान क्षेत्रों में घर-घर संपर्क करें। जनजागरूकता एवं विशेष कैंपों के माध्यम से पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दें।
21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को चलेगा विशेष अभियान
विशेष पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जिले में आगामी 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, संशोधन कराने एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए सुविधा उपलब्ध कराना है।
प्रत्येक बूथ पर उपलब्ध रहेंगे ये फार्म
विशेष अभियान दिवसों के दौरान मतदान केंद्रों पर नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6, प्रवासी भारतीय मतदाताओं के लिए फार्म-6 ए, मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए फार्म-7 तथा नाम, पता आदि में संशोधन अथवा निवास स्थानांतरण के लिए फार्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे। पात्र नागरिक निर्धारित फार्म भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने अथवा आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं।