मौदहा (हमीरपुर)। तहसील सभागार में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। जिलाधिकारी घनश्याम मीना के सामने 49 शिकायतकर्ता पहुंचे। मौके पर नौ का निस्तारण किया। राशन में खराब ज्वार वितरण की शिकायत पर उन्होंने राशन दुकानों से ज्वार वितरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। विभाग को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राशनकार्ड, पुलिस व जलसंस्थान, जल निगम, राजस्व से संबंधित आईं। भाजपा नेता वाल्मीक गोस्वामी निवासी मराठीपुरा ने बताया कि जनवरी माह में राशन वितरण के दौरान घुनी-सड़ी ज्वार बांटी गई है। इस पर जिलाधिकारी ने पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी राशन दुकानों से ज्वार वितरण पर रोक लगाई जाए। राशन सामग्री को चेक करें, खराब है तो उसका वितरण किसी भी स्तर पर नहीं होना चाहिए।
ग्राम माचा के इसराफ अली ने जिलाधिकारी को बताया कि उसके पैतृक मकान पर पड़ोसी ने कब्जा कर लिया है। ग्राम नरायच के अली अहमद ने शिकायत की है कि उनके भाइयों का बंटवारा नहीं हुआ है वह भूमिका से खातेदार है लेकिन उसके भाई खेत बेच रहे हैं। गहरौली के कृष्ण कुमार ने बताया कि वह गांव की सहकारी समिति के सदस्य हैं समिति के सचिव उन्हें बेवजह परेशान कर रहे हैं।
ग्राम पढ़ोरी के कृष्ण ने शिकायत की कि गांव के दबंगों ने मंदिर की जमीन पर कब्जा कर लिया है। इसी प्रकार अन्य फरियादियों ने भी अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रख उनके निदान की गुहार लगाई।
इनसेट
हर घर में नहीं पहुंच रहा जल
मौदहा क्षेत्र के गुरदहा निवासी बाबू सिंह संपूर्ण समाधान दिवस में ग्रामीणों के साथ पहुंचे और शिकायती पत्र देकर बताया कि नमामि गंगे योजना के तहत गांव में हर घर में पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन डाली गई थी लेकिन गांव के कुछ ही घरों में पानी आता है बाकी लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंच रहा। सभी नलों में पानी पहुंचने की मांग की है। हमीरपुर तहसील में झलोखर निवासी विनोद सिंह ने नमामि गंगे योजना के तहत कनेक्शन देने में जिम्मेदार आनाकानी कर रहे है इस बात की शिकायत की है।
सरीला में 31 शिकायतों में चार निस्तारित
सरीला (हमीरपुर)। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता ने की। समाधान दिवस में कुल 31 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। इस अवसर पर एसडीएम बलराम गुप्ता, तहसीलदार राममोहन कुशवाहा, नायब तहसीलदार अखिलेश कुमार, खंड विकास अधिकारी विपिन कुमार सहित तहसील स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।