हमीरपुर। चित्रकूट में आयोजित होने वाले दीपमालिका मेले को लेकर स्थानीय डिपो से 20 बसें लगाई गई हैं। ऐसे में चित्रकूट जाने वाले यात्रियों को हर 30 मिनट में रोडवेज बस की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इसके लिए डिपो के सभी अधिकारियाें व कर्मचारियों का अवकाश निरस्त कर दिया गया है। सभी को अपनी-अपनी ड्यूटी में तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं। चित्रकूट मेला 29 अक्तूबर से तीन नवंबर तक होगा। क्षेत्रीय प्रबंधक चित्रकूट धाम मंडल के निर्देश पर स्थानीय डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने रूट के लिए 20 बसें लगाई हैं।
साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। एआरएम आरपी साहू ने बताया कि 29 अक्तूबर से 11 नवंबर तक प्रोत्साहन समय के लिए चालकों-परिचालकों को प्रोत्साहित किया गया है।
आरएम के निर्देशानुसार वरिष्ठ केंद्र प्रभारियों को चालक व परिचालक की ब्रीथ एनालाइजर जांच निर्देश दिए गए है। लोगों की सुविधा के लिए डिपो से हर 30 मिनट में चित्रकूट के लिए बस उपलब्ध कराई जाएगी।