मौदहा कोतवाली क्षेत्र के गहबरा चौकी के निकट हाइवे
पर रविवार दोपहर बाद मां के साथ सड़क पार कर रही बालिका की रोडवेज बस की
चपेट में आकर मौत हो गई। दुर्घटना से आक्रोशित लोगाें ने चालक व परिचालक को
पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
रीवन गांव निवासी नरेश की
पुत्री राधा (5) दोपहर को मां के साथ खेत से घर आते समय सड़क पार कर रही
थी। तभी महोबा डिपो की आगरा से महोबा जा रही बस की चपेट में आकर राधा सड़क
पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के पूर्व बालिका की मां सड़क पार
कर चुकी थी। इस घटना से आक्रोशित वहां मौजूद लोगों ने बस के चालक राजकुमार व
परिचालक कुंदन सिंह को पकड़कर जमकर पीटा। गहबरा चौकी पुलिस ने दोनों को
अपने कब्जे में ले लिया।
घायल बच्ची को कस्बे के सरकारी अस्पताल में भर्ती
कराया गया। जहां से सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी इलाज के दौरान
मौत हो गई। सूचना पर क्षेत्राधिकारी उमरदराज खां व कोतवाल
हवलदार सिंह पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया।