फोटो 04 एचएएमपी 01- भरुआ सुमेरपुर क्षेत्र में ध्वस्त कानपुर-सागर हाईवे। संवाद
भरुआ सुमेरपुर। नेशनल हाईवे-34 पर कस्बे में मंडी गेट से लेकर फैक्टरी एरिया तक सड़क जर्जर हो चुकी है। करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और उखड़ी सतह के कारण दोपहिया वाहन चालकों का चलना मुश्किल हो गया है। आए दिन बाइक सवार असंतुलित होकर गिरकर घायल हो रहे हैं।
हाईवे पर सबसे अधिक परेशानी थाना सुमेरपुर के सामने है जहां सड़क नालीदार बन गई है। यहां से गुजरने वाले वाहनों के अचानक डगमगाने से बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार विभाग ने सड़क की मरम्मत नहीं कराई है। विडंबना यह है कि सुगम एवं सुरक्षित यात्रा के नाम पर टोल टैक्स में वृद्धि कर दी गई लेकिन सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।