हमीरपुर। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में शुक्रवार को चंदौखी मोड़ के पास छात्रों से भरे ऑटो को पीछे से आ रहे बेकाबू डंपर ने टक्कर मार दी। इससे ऑटो हाईवे किनारे खड्ड में जाकर पेड़ से टकराकर पलट गया और इसमें सवार 17 छात्र-छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पहुंचे अधिकारियों ने एंबुलेंस व प्राइवेट वाहन से घायल छात्रों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पांच छात्रों की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें कानपुर रेफर कर दिया, जिसमें एक छात्रा की रास्ते में मौत हो गई।
मुख्यालय के कुछेछा मोहल्ला स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाले कक्षा नौ व 10 के छात्र शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे ऑटो से अपने गांव कुंडौरा व दरियापुर जा रहे थे। जैसे ही आटो हाईवे पर चंदौखी मोड के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रहे बेकाबू डंपर ने टक्कर मार दी। फजिससे असं तुलित आटो हाईवे किनारे खड्ड में जा पलटा। इससे इसमें सवार 17 छात्र-छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गए। सुमेरपुर थानाक्षेत्र के कुंडौरा व इससे जुड़े गांव दरियापुर निवासी कक्षा नौ का छात्र अमित कुमार (16), गोविंदा (14), शालिनी (14), सरिता कुशवाहा (13), अंजली (14), ललिता (14), शिखा (14), अतुल (13), श्रेया (13), निशा (14), अवनीश (13), अंजलि (15), लक्ष्मी (15), नेहा (14), कंचन (14), उमेश (15), विनीता (13) को सदर एसडीएम राजेश कुमार चौरसिया, सदर सीओ अनुराग सिंह, कोतवाल केपी सिंह व यातायात प्रभारी अरविंद मिश्रा ने ऑटो से बाहर निकाल एंबुलेंस व प्राइवेट वाहन से सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
सूचना मिलते ही अस्पताल का स्टाफ सहित आम लोगों व अभिभावकों की भीड़ एकत्र हो गई। छात्रा कंचन, नेहा, लक्ष्मी, अमित व उमेश की हालत नाजुक होने पर कानपुर रेफर कर दिया। वहीं, कंचन की पतारा मार्ग के पास मौत हो गई। एंबुलेंस के ईएमटी शकील व चालक धीरेंद्र ने बताया कि छात्रा की हालत नाजुक होने पर छात्रा कंचन को पतारा सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कहा कि घटना की जानकारी सीएमओ डा. एमके बल्लभ को दी है। इस पर डीएम ज्ञानेश्वर त्रिपाठी व सीएमओ ने छात्रा को वापस लेकर आने की बात कही है। वहीं, टक्कर मारकर भागे डंपर का अभी तक पुलिस नहीं पकड़ सकी।
दुर्घटनाग्रस्त ऑटो के आगे निकली दूसरी ऑटो पर सवार छात्रा विनीता, जावित्री, आकांक्षा व नीशा ने बताया कि वह गांव कुंडौरा दरियापुर पहुंच गए थे। जबकि पीछे ऑटो पर आ रही सहेलियां घर नहीं पहुंची। कहा कि घटना की जानकारी होने पर घर में बैग फेंककर परिजनों के साथ घटना स्थल पहुंचे। जहां पता चला कि सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कहा कि ऑटो में 17 छात्र-छात्राएं सवार थे।
एआरटीओ प्रशासन मोहम्मद हसीब ने बताया कि ऑटो का तीन सवारी का परमिट है, जो वर्ष 2024 तक वैध है। फिटनेस भी वर्ष 2021 तक का है। बताया कि वाहन मुंशीलाल निवासी सूरजपुर कुछेछा के नाम दर्ज है। उन्होंने कहा कि ऑटो में अगर स्कूूली बच्चे क्षमता से अधिक बैठाकर ले जाए जा रहे थे तो यह गलत व नियम विरुद्ध है। कहा कि एआरटीओ प्रवर्तन भगवानप्रसाद से इसकी जांच रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद वाहन स्वामी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर इस मामले में जिलाधिकारी डा.ज्ञानेश्वर त्रिपाठी ने कहा कि घटना की जांच के आदेश दिए हैं। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।