राठ। बालू भरी ट्रैक्टर ट्राॅली पलटने से महिला की मौत मामले में सोमवार की रात ट्रैक्टर मालिक व चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। रिपोर्ट में बालू चोरी के दौरान हादसा होने का जिक्र है।
मझगवां थाने के गढ़हर गांव निवासी लालमन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि रविवार की रात 11 बजे चिकासी थाने के चकअमरपुरा गांव निवासी शिवकुमार उनके छोटे भाई मुल्लू सिंह की पत्नी शिवरानी व गांव की विमला को गढ़हर घाट नदी से चोरी से बालू भरने ले गया था। ट्रैक्टर गांव का नीलू पाल चला रहा था। बालू भरकर लौटते समय चालक की लापरवाही से नदी ढलान में ट्रैक्टर ट्राॅली पलटने से उसमें दबकर शिवरानी की मौत हो गई। विमला देवी को भी चोटें आईं थीं।
सीओ राजीव प्रताप सिंह ने कहा कि राजस्व विभाग व खान निरीक्षक के साथ संयुक्त रूप से घटना स्थल की जांच की गई। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने धसान नदी से चोरी से बालू लाते समय हादसा होने की बात कही है। शिवरानी के परिजन की तहरीर पर मझगवां थाने में ट्रैक्टर मालिक शिवकुमार व चालक नीलू पाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। ट्रैक्टर-ट्राॅली को थाने में खड़ा करा दिया है।