जिले में शाम करीब चार बजे आंधी के साथ बूंदाबांदी होने से मौसम खुशगवार हो गया। इससे लोगों को भीषण गर्मी में कुछ राहत मिली। लगातार बढ़ रहे तापमान से लोग भीषण गर्मी झेल रहे हैं। गुरुवार को दिन में भीषण गर्मी से लोग बिलबिलाते रहे लेकिन शाम को आंधी के बीच आए बादलों से बूंदाबांदी हुई। सुमेरपुर के बस स्टैंड के निकट गुरुवार की शाम करीब चार बजे आई हल्की आंधी से हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सड़क पर आ गिरा, जिससे वहां अफरातफरी मच गई लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।
मौदहा प्रतिनिधि के अनुसार भीषण गर्मी और उमस के बीच गुरुवार को दिन के तीन बजे ठंडी हवाओं के साथ बारिश शुरू होने से मौसम सुहावना होने के साथ ही रोजदारों ने बड़ी राहत महसूस की। बुधवार से तापमान में कमी आई। गुरुवार को ठंडी हवाओं के साथ बारिश होने व बादल रहने से मौसम सुहावना हो गया। भरुआ सुमेरपुर प्रतिनिधि के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब चार बजे बस स्टैंड के निकट गुजरी हाईटेंशन लाइन का जर्जर तार हवा चलने से नीचे आ गिरा। इससे बस स्टैंड में मौजूद यात्रियों में भगदड़ मच गई और लोग इधर उधर भागने लगे।
सूचना मिलने पर पावर हाउस से तत्काल लाइट बंद कर दी गई। पावर कारपोरेशन के अवर अभियंता जगदीश प्रसाद ने बताया कि टूटे हुए तार की मरम्मत कराई जा रही है। तेज हवाओं के कारण तार टूटने की घटनाएं हो रही हैं। बस स्टैंड के आसपास नए तार लगे हुए हैं। इसके बाद भी तार कैसे टूटा, इसकी जानकारी ली जा रही है। इधर बारिश होने से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। वहीं बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया।