हमीरपुर। दुष्कर्म की शिकार किशोरी ने गुरुवार रात करीब दो बजे लखनऊ मेडिकल कॉलेज में आखिरी सांसें ली। एक माह तक अस्पतालों के चक्कर लगाने के बाद आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का दम भरने वाली भाजपा सरकार के किसी भी नेता ने उसकी सुध तक नहीं ली। प्रशासनिक अमला भी खानापूरी करता नजर आया।
बताते चलें कि सरीला थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित पिता ने बताया था कि बीते 28 अक्तूबर की रात उसकी 16 वर्षीय बेटी (पीड़िता) अपने घर पर सो रही थी, तभी गांव का एक किशोर अपने दो अन्य साथियों के साथ उसके घर में घुसकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और बाद में उसे तेजाब पिला दिया। परिजन उसे तुरंत सीएचसी ले गए, जहां से उसे उरई और फिर से झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। झांसी में करीब 12 दिनों तक इलाज चलता रहा।
हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआई लखनऊ के लिए रेफर कर दिया, लेकिन पीजीआई में परिजनों को लंबा चौड़ा खर्च बताया गया। इससे परेशान होकर परिजन उसे हमीरपुर जिला अस्पताल ले आए। इसी दौरान पीड़िता ने मीडिया के सामने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था।
इसके बाद हमीरपुर से कानपुर और कानपुर से पीजीआई को रेफर कर दिया गया। पीजीआई में दो दिन तक उपचार चला और आखिरी में डॉक्टरों ने सर्जरी के लिए दो लाख रुपये की परिजनों से मांग की, लेकिन पैसे की व्यवस्था न होने पर उसे वहां से लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने के बाद भी लखनऊ मेडिकल कॉलेज में उसे तीन दिन तक स्ट्रेचर पर रखा गया। बीते बुधवार को उसे बेड मिला फिर खून की कमी और देर से मिले इलाज के चलते बीती रात करीब दो बजे उसकी सांसें हमेशा-हमेशा के लिए बंद हो गईं।
एसपी डॉ. दीक्षा शर्मा ने कहा कि पीड़िता को सर्जरी वार्ड में भर्ती कराया गया था। साथ ही उसके बेड और ब्लड की व्यवस्था भी कराई गई थी। लेकिन, उसे बचाया नहीं जा सका।