भरुआसुमेरपुर। इंगोहटा में एक माह से बारिश न होने से परेशान किसानों ने गुरुवार को गायों और कुत्तों को भोजन कराया और शीघ्र वर्षा होने की कामना की।
ग्रामीणों ने बताया एक माह में आसपास के गांवों में खंड-खंड में बारिश हो चुकी है। मगर बड़ी आबादी वाले इंगोहटा गांव में बारिश नहीं हुई है। जिससे खरीफ की फसल नहीं बोई जा सकी है। यहां तक कि खेतों की जुताई तक नहीं हो पाई है। जबकि अन्य पड़ोसी गांव बिदोखर, बंडा, पलरा, चंदपुरवा, मकरांव, मवईजार आदि गांवों में खरीफ की फसल बोई जा चुकी है।
इसलिए गांव में झोली के फकीर कहे जाने वाले कुत्तों और गोवंश का भोज कराकर वर्षा की कामना की गई है। बताया रोटियां बनाकर गांवों में जाकर बेजुबान पशु पक्षियों को भोजन कराया गया है। ताकि इंद्रदेव खुश हों और उनके गांव में भी बारिश हो सके। इस अनुष्ठान में अरविंद कुशवाहा, श्रवण कुमार गुप्ता, दयाराम कुशवाहा शामिल रहे। गौरतलब है गांवों में प्राचीन मान्यता के आधार पर बारिश न होने पर लोग इंद्रदेव को खुश करने के लिए गाय भोज, कुकुर भोज, शिव का जलाभिषेक, अखंड राम नाम संकीर्तन, अखंड रामायण पाठ आदि अनुष्ठान कराते हैं।