मौदहा (हमीरपुर)। कस्बा के तीन दिवसीय ऐतिहासिक मेला के दूसरे दिन भगवान को डोले में स्थापित कर शोभायात्रा निकाली गई। वहीं, मीरा तालाब में कंस वध का कलाकारों ने मंचन किया। इस दौरान सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था रही। अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान शोभायात्रा में शामिल झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
तीन दिवसीय ऐतिहासिक कंस मेला शनिवार देर रात शुरू हुआ। इसमें परंपरागत तरीके से भगवान की झांकियां गाजे-बाजे के साथ देवी चौराहा, मथुरा मंदिर, जीजीआईसी चौराहा, थाना चौराहा, नेशनल चौराहा से होकर गुड़ाही बाजार तक निकाली गईं। गुड़ाही बाजार में कंस दरबार सहित अन्य झांकियों को देखने के लिए देर रात तक भक्तों का सैलाब उमड़ा रहा। रविवार को दोपहर बाद विभिन्न देवी देवताओं व कंस दरबार की झांकियों सहित एक दर्जन से अधिक झांकियां गुड़ाही बाजार में एकत्र हुईं। जहां पर लक्ष्मी नारायण मंदिर में विराजमान भगवान कृष्ण की प्रतिमा को उनके डोले (रथ) में बैठाया गया। इसके बाद भारी प्रशासनिक चौकसी के बीच भगवान श्रीकृष्ण के डोला सहित सभी झांकियों की शोभायात्रा को देवी चौराहा अलाव मैदान से घुमाकर पुनः मुख्य सड़क पर लाया गया।
शोभायात्रा के मीरा तालाब में पहुंचने पर यहां भगवान श्रीकृष्ण के डोला की जलविहार लीला, नागनाथ की लीला, बकासुर-अघासुर वध की लीला का मंचन किया गया। इसके बाद इसी तालाब के नजदीक स्थित कंस चबूतरे में कृष्ण और कंस का अभिनय करने वाले कलाकारों ने सुंदर मंचन किया। इसी के साथ ही ऐतिहासिक कंस वध लीला का समापन हुआ।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, एसडीएम करनवीर सिंह, सीओ विनीता पहल झांकियो के आगे पीछे चलते दिखाई दिए। मौके पर हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट जनपद की पुलिस तैनात रही।
-
गोपाल तिलसरस ने रवि पपरेंदा को हराया
मौदहा। कंस मेले को लेकर मीरा तालाब मैदान में रविवार को दंगल का आयोजन किया गया। इसमें गोपाल तिलसरस ने रवि पपरेंदा को हराया। बताते चलें की स्वर्गीय विश्वनाथ साहू हमेशा से कंस मेले के दिन मीरा तालाब के मैदान में दंगल कराते थे। लेकिन उनके न रहने के बाद यह दंगल का आयोजन बंद हो गया। लेकिन उनके पुत्र धर्मात्मा प्रसाद साहू ने उनकी याद में इस वर्ष से मीरा तालाब में पुनः दंगल का आयोजन कराना शुरू कर दिया। उक्त दंगल का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष रजा मोहम्मद उर्फ श्रीनाथ ने किया। आयोजित हुई एक दर्जन से अधिक कुश्तियों में सचिन मौदहा ने दिव्यांशु इटरा को, गोविंद खरौंद ने रवि पपरेंदा को, आशीष सिसोलर ने अंकित इंगोहटा को हराकर अपनी विजय पताका लहराई। इसके अलावा अभिषेक पंधरी, छोटू बांदा, कल्लू इंघोटा व मनीष पपरेंदा समेत अन्य पहलवानों ने भी अखाड़े में अपने दांव पेंच दिखाकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
मौदहा। कस्बे में चल रहे कंस वध मेला को लेकर कबीरी भजनों का आयोजन ओरी तालाब व मीरा तालाब में किया गया। मेला में 51 घंटे चल रहे अनवरत कबीरी भजन के दूसरे दिन यह क्रम जारी रहा। इसमें क्षेत्र भर से आए लोगों ने कबीरी भजनों का आनंद लिया। कार्यक्रम में उमाशंकर गुप्ता, प्रणामी बाबा, मास्टर अर्जुन, उमेश निषाद, मोहन बाबू, कल्लू बाबू, राजेश कुमार आदि लोगों का सहयोग रहा।
-
खराब हुआ ट्रैक्टर, पुलिस ने लगाया धक्का
अलाव मैदान में रानी लक्ष्मीबाई की झांकी की ट्रैक्टर-ट्राली अचानक खराब हो गई। इस पर जाम की समस्या को देखते हुए एसडीएम करनवीर सिंह ने पुलिस को ट्रैक्टर में धक्का देकर स्टार्ट करने को कहा। इस पर वहां खड़े पुलिस के जवानों ने धक्का देकर ट्रैक्टर स्टार्ट किया।
फोटो 07 एचएएमपी 31- शोभायात्रा के दौरान मौजूद भीड़ के बीच शामिल भगवान का डोला। संवाद
फोटो 07 एचएएमपी 31- शोभायात्रा के दौरान मौजूद भीड़ के बीच शामिल भगवान का डोला। संवाद
फोटो 07 एचएएमपी 31- शोभायात्रा के दौरान मौजूद भीड़ के बीच शामिल भगवान का डोला। संवाद
फोटो 07 एचएएमपी 31- शोभायात्रा के दौरान मौजूद भीड़ के बीच शामिल भगवान का डोला। संवाद
फोटो 07 एचएएमपी 31- शोभायात्रा के दौरान मौजूद भीड़ के बीच शामिल भगवान का डोला। संवाद