हमीरपुर। अब पीएमश्री स्कूलों में भी सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। नए साल से स्कूल खुलते ही ये व्यवस्था सभी स्कूलों में लागू कर दी जाएगी। इन स्कूलों में 24 घंटे सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के लिए बजट भी जारी कर दिया गया है।
जिले के 16 पीएमश्री स्कूलों में 12-12 घंटे दो सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पीएम श्री स्कूल सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। अब जनपद के 16 पीएम श्री स्कूलों में सुरक्षा का चक्र मजबूत होगा। प्रत्येक विद्यालय में पीआरडी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए होगी। इसके लिए शासन की ओर से दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
बीएसए आलोक सिंह ने बताया कि जनपद में प्रथम व द्वितीय फेज के तहत कुल 16 पीएमश्री स्कूल विकसित किए गए हैं। इन स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ खेल गतिविधियां आदि की व्यवस्था की जा रही है। पीएम श्री स्कूलों का समय-समय पर प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारी निरीक्षण करके व्यवस्थाओं को देखते हैं। इनमें लैब के अलावा एआई आदि की व्यवस्था छात्रों के लिए की गई हैं। इसके साथ ही पीएमश्री स्कूलों में पुस्तकालय आदि सुविधा दी जाती है। (संवाद)