सिसोलर थानाक्षेत्र के बक्छा गांव जाते भमई गांव के निकट तेज गति ट्रैक्टर असंतुलित होकर तीव्र मोड़ में गहरे खड्ड में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चला रहे प्रधान के भाई की दबकर मौत हो गई।
वहीं, ट्रैक्टर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद क्षेत्राधिकारी आरएन सिंह सहित मौदहा और सिसोलर पुलिस मौके में पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से ट्रैक्टर के नीचे दबे शव को निकाला गया और घायल को सीएचसी भेजा गया। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
जानकारी के मुताबिक बक्छा प्रधान जागेश्वर का भाई छोटेलाल (33) पुत्र परसदवा अपने ट्रैक्टर चालक राममिलन (22) को लेकर शुक्रवार को 12 बजे कस्बे की ओर सामान लेने चले थे। करीब एक किमी आगे बक्छा भमई मार्ग में पुलिया के पास ट्रैक्टर असंतुलित होकर गहरी खाई में गिर गया।
जिसमें छोटेलाल ट्रैक्टर के नीचे दब गया और चालक राममिलन के ऊपर ट्राली गिर गई। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर सीओ आरएन सिंह के साथ मौदहा और सिसोलर के कोतवाल भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से ट्रैक्टर के नीचे दबे प्रधान के भाई को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया।
जबकि चालक के पैराें व शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। उसे गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया। गौरतलब हो कि बक्छा-भमई मार्ग निर्माण के समय खेतों से मिट्टी न देने जेसीबी से नाले में मिट्टी निकालने में खासी गहराई हो गई है।
सड़क में इसी स्थान तीव्र मोड़ है। जहां ट्रैक्टर गिरने से यह हादसा हुआ है। सीओ आरएन सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर को प्रधान का भाई छोटेलाल खुद चला रहा था।